वाराणसी
दिवाली पर काशी में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, कंट्रोल रूम स्थापित, शटडाउन पर रोक
वाराणसी। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर काशी में दिवाली से लेकर देव दीपावली तक बिजली सप्लाई को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभु कुमार ने सभी ज़ोन और एसई कार्यालयों में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिए हैं जिससे आपूर्ति की निगरानी की जा सके। सभी जोनल मुख्य अभियंताओं को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो सीधे एमडी को रिपोर्ट भेजेंगे।
हर दो घंटे में होगी रिपोर्टिंग
मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल ने बताया कि हर जोनल और एसई कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसमें चार कर्मी तैनात किए गए हैं। हर दो घंटे पर आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली जा रही है, ताकि किसी भी फॉल्ट की जानकारी मिलते ही लाइनमैन और जेई को तुरंत भेजा जा सके। अधिशासी अभियंता भी अपनी तरफ से पूरी तैयारियों में जुटे हैं।
शटडाउन पर रोक
मुख्य अभियंता ने बताया कि त्योहारों के दौरान सभी क्षेत्रों में शटडाउन पर रोक लगा दी गई है। जरूरत पड़ने पर वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति से ही शटडाउन लिया जा सकेगा। वहीं, मुख्य अभियंता ने गोदौलिया और भदैनी उपकेंद्रों का निरीक्षण किया और ड्यूटी रजिस्टर चेक किया।
बिजली आपूर्ति में बाधा से निपटने के लिए तैयारियाँ पूरी
बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की रुकावट को दूर करने के लिए उपकेंद्रों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। शहर के प्रत्येक क्षेत्र में अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे त्योहार के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
