Connect with us

गोरखपुर

दिल्ली में रवि किशन और राजनाथ सिंह की शिष्टाचार भेंट, विकास मुद्दों पर चर्चा

Published

on

Loading...
Loading...

नई दिल्ली। गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने राजधानी दिल्ली में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक विषयों के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में गोरखपुर एयरपोर्ट के विस्तार का मुद्दा प्रमुख रूप से उठा। सांसद रवि किशन ने एयरपोर्ट की वर्तमान स्थिति, लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या और भविष्य की आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए इसके विस्तार की जरूरत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल क्षेत्र में हवाई सेवाओं की मांग निरंतर बढ़ रही है, ऐसे में एयरपोर्ट का विस्तार अत्यंत आवश्यक हो गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद द्वारा उठाए गए बिंदुओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए ऐसे प्रस्ताव महत्वपूर्ण होते हैं और इस पर उचित स्तर पर विचार किया जाएगा।

भेंट के उपरांत सांसद रवि किशन ने कहा कि गोरखपुर एयरपोर्ट के विस्तार से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, साथ ही क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और निवेश को भी गति मिलेगी। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पूर्वांचल के समग्र विकास को बल मिलेगा।

सांसद ने रक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके अनुभव, मार्गदर्शन और देशहित के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में देश की सुरक्षा के साथ-साथ विकास कार्य भी निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

Advertisement

स्थानीय स्तर पर इस मुलाकात को सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि गोरखपुर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर जल्द ही ठोस निर्णय सामने आएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page