Connect with us

अपराध

दिल्ली में खूनी गैंगवार : माफिया मंजीत माहाल के भांजे दीपक की हत्या, बेटी घायल

Published

on

Loading...
Loading...

दिल्ली के बवाना इलाके में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक दीपक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक दीपक कुख्यात गैंगस्टर मंजीत माहाल का सगा भांजा था। इस हमले के पीछे नंदू गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

जिस वक्त यह हमला हुआ, दीपक की चार साल की बेटी भी उसके साथ थी। फायरिंग के दौरान एक गोली बच्ची के हाथ में भी लग गई, जिससे वह घायल हो गई। सूचना मिलते ही बवाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, दीपक रोज सुबह अपने माता-पिता और बेटी के साथ टहलने जाता था। घटना के वक्त वे नांगल-बवाना रोड पर टहल रहे थे। दीपक अपनी बेटी के साथ आगे-आगे चल रहा था जबकि उसके माता-पिता थोड़ा पीछे थे। तभी दो बाइक सवार बदमाश आए और दीपक पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। लगभग आधा दर्जन गोलियां लगने से दीपक मौके पर ही गिर गया।

पुलिस का कहना है कि दीपक का अपराध की दुनिया से कोई नाता नहीं था लेकिन वह मंजीत माहाल का भांजा था, शायद इसी वजह से उसे निशाना बनाया गया। जांच में सामने आया है कि लंदन में बैठे कुख्यात गैंगस्टर नंदू ने इस हत्या की साजिश रची हो सकती है। इससे पहले 12 अप्रैल को नंदू ने मंजीत माहाल के करीबी प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार दराल की भी हत्या कराई थी।

Advertisement

दीपक के पिता देवेंद्र, जो कि सरकारी शिक्षक हैं, ने पुलिस को घटना की सूचना दी। वे घायल बेटी और दीपक को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। उनकी बेटी का इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक दीपक अपने परिवार के साथ नांगल ठाकरान गांव में रहता था। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने शेयर ट्रेडिंग शुरू कर दी थी। मंजीत माहाल की दो बहनों की शादी दीपक के पिता देवेंद्र और उनके छोटे भाई से हुई है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page