वाराणसी
दामाद ने की ससुर की गला दबाकर हत्या
वाराणसी। जिले में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां दामाद ने अपने ही ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के दौरान उसकी पत्नी लगातार पति को रोकने की कोशिश करती रही और बच्चे भी चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी ने किसी की नहीं सुनी और वारदात को अंजाम दे दिया। हत्या करने के बाद आरोपी घर में ही बैठा रहा।
घटना की सूचना आरोपी के बेटे ने ही पुलिस को दी। उसने फोन कर बताया कि उसके पिता ने उसके नाना की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार ससुर और दामाद के बीच जमीन के पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीती रात को इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद दामाद ने पहले ससुर के सीने पर वार किया और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। यह घटना हरहुआ पुलिस चौकी क्षेत्र के बड़ागांव की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान बड़ागांव निवासी 65 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई है। करीब 13 वर्ष पहले किशोरी ने अपनी बेटी नीतू की शादी शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई निवासी संजय कुमार से कराई थी। शादी के बाद से ही संजय अपने ससुर के घर पर रह रहा था। संजय और नीतू के तीन बेटे आयुष (12 वर्ष), अंश (10 वर्ष) और अन्वय (8 वर्ष) हैं। संजय दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था, जबकि किशोरी ट्रॉली चलाते थे। करीब दो वर्ष पहले किशोरी ने अपनी जमीन बेच दी थी और उसी के पैसों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
मृतक की बेटी नीतू ने बताया कि उसका पति शाम को मजदूरी करके शराब के नशे में घर लौटा था। रात करीब आठ बजे उसके पिता किशोरी भी ट्रॉली चलाकर घर पहुंचे। इसी दौरान संजय ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। जब उसने बीच-बचाव की कोशिश की तो संजय ने उसे भी गालियां दीं। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान उनके बेटे भी मौके पर पहुंच गए और अपने पिता को नाना को मारने से मना किया, लेकिन संजय ने बच्चों को भी डांटते हुए वहां से भगा दिया।
नीतू के मुताबिक संजय ने पहले अपने ससुर के सीने पर वार किया और फिर उनका गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद वह कमरे में चला गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन डॉक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद बेटे आयुष ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बड़ागांव थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी संजय कुमार को हिरासत में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस संबंध में बड़ागांव थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि ससुर की हत्या करने के आरोप में दामाद को हिरासत में लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
