गोरखपुर
दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला उपनगर के कस्बा लोहा मंडी निवासी एक विवाहिता ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त विवरण के अनुसार गोला कस्बा लोहा मंडी निवासी नीूत साहनी पत्नी राजाराम साहनी ने थाना गोला में दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह करीब नौ वर्ष पूर्व राजाराम साहनी पुत्र हीरालाल साहनी के साथ हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति, ननद मोनी, दुर्गा व टोनी तथा सास बिंदु देवी दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते रहे।
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए ताना मारते, गाली-गलौज करते और मारपीट करते हैं। यहां तक कि घर में रहने और खाने-पीने तक में बाधा पहुंचाई जाती है। 28 फरवरी 2026 को पति द्वारा लात-घूंसों से मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है। घटना की जानकारी जब उसने अपनी मां को दी तो वे समझाने के लिए ससुराल पहुंचीं, जहां उनके साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। इसके बाद पीड़िता ने गोला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 85, 115(2), 352, 351(3), 125 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 व 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
