जौनपुर
दहेज उत्पीड़न मामले में पति सहित जेठ-जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
केराकत (जौनपुर) क्षेत्र के कुसैला गांव निवासी प्रियंका ने अपने पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। प्रियंका ने प्रधानमंत्री को एक ऑनलाइन शिकायती पत्र भी भेजा था, जिसमें उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई।
प्रियंका के अनुसार, उनकी शादी तीन साल पहले वाराणसी के बड़ागांव बसनी में चन्दन पुष्कर से हुई थी। शादी पूरी तरह से सबकी सहमति और रीति-रिवाजों के साथ हुई थी और क्षमता के अनुसार दहेज भी दिया गया था।
प्रियंका ने बताया कि विदाई के बाद जब वह ससुराल पहुंची, तो उसे उसकी जेठानी रीता देवी के घर उतारा गया, जबकि उसका पति चन्दन पुष्कर वहीं रह रहा था। एक सप्ताह बाद, प्रियंका की जेठानी ने दहेज के लिए ताने देने शुरू कर दिए। जेठानी ने उसके गहनों को भी रख लिया, जिसे पति ने जायज ठहराते हुए दुकान खोलने के नाम पर पांच लाख रुपये की मांग की। इसके बाद, प्रियंका ने आरोप लगाया कि उसके जेठ देवेन्द्र राव ने उसके चरित्र पर उंगली उठाई और गंदे इरादे से उसे देखना शुरू किया।
प्रियंका ने बताया कि, जब उसने मायके में अपनी भतीजी की शादी के दौरान अपने गहनों की मांग की तो उसके पति ने गहने देने से इंकार कर दिया। इसके बाद उसकी जेठानी, जेठ और पति ने उसे और उसके परिवार को धमकी देना शुरू कर दिया। किसी तरह प्रियंका मायके पहुंची और न्यायालय से मदद की गुहार लगाई।
