गाजीपुर
दबंग महिलाओं ने उखाड़ी इंटरलॉकिंग सड़क, पुलिस को दी धमकी
गाजीपुर। थाना क्षेत्र दुल्लहपुर के देवा ग्राम सभा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आयी है, जहां कुछ दबंग महिलाओं और पुरुषों ने नवनिर्मित सरकारी इंटरलॉकिंग सड़क को उखाड़ फेंका। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें महिलाएं पुलिस को “देख लेने” की धमकी देती नजर आ रही हैं।
राजस्व टीम की निगरानी में हुआ था निर्माण
मिली जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी जखनियां के आदेश पर ग्राम प्रधान सुनीता चौरसिया द्वारा शनिवार को 200 मीटर कच्ची सड़क पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया था। यह निर्माण राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में संपन्न हुआ था। लेकिन महज 24 घंटे के भीतर, रविवार सुबह 6 बजे कुछ लोगों ने इस सड़क को उखाड़ दिया।

प्रधान पति को दी धमकी, पुलिस पर भी बरसे अपशब्द
ग्राम प्रधान द्वारा थाने में दी गई तहरीर में मीरा पांडेय, पूजा पांडेय, वंदना पांडे, सीमा पांडेय, राधे पांडेय और शशि पांडेय को नामजद किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि प्रधान पति को जान से मारने की धमकी भी दी। वायरल वीडियो में महिलाएं पुलिस को भी धमकाते हुए दिख रही हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस, दोबारा लगवाई इंटरलॉकिंग
घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की मौजूदगी में सड़क पर दोबारा इंटरलॉकिंग लगवाई गई। पुलिस ने आरोपी महिलाओं को थाने लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही जांच, दर्ज होगा मुकदमा
थाना अध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
