पूर्वांचल
दंपती से नकदी और सोने की चेन छीनकर बदमाश फरार
जौनपुर। जनपद के सिकरारा-बरईपार मार्ग पर शनिवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक दंपती को असलहे के बल पर लूट का शिकार बनाया। बदमाशों ने 10,600 रुपये नकद और सोने की चेन छीन ली। फरार होते समय उन्होंने दंपती की बाइक की चाबी भी निकाल ली जिससे वे उनका पीछा न कर सकें। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेलसड़ी गांव निवासी सत्यप्रकाश यादव अपनी पत्नी संजना यादव के साथ शनिवार रात करीब आठ बजे बाइक से जौनपुर से लौट रहे थे। जैसे ही वे सिकरारा-बरईपार मार्ग पर बघौरा गांव के पास ब्रह्मबाबा मंदिर के पास पहुंचे, पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
बाइक की गति कम होते ही एक बदमाश नीचे उतरा और असलहे से धमकाते हुए उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। इस बीच, उसने संजना के गले से सोने की चेन खींची और पर्स छीन लिया। पर्स में 10,600 रुपये नकद थे। पीड़ित द्वारा सूचना देने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और मामले की जांच में जुट गई है।
