गोरखपुर
थाना से तहसील तक समाधान दिवस पर छह माह से दौड़ लगा रहा पीड़ित, नहीं मिला न्याय
गोलाबाजार (गोरखपुर) जयदेश। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हरपुर निवासी राम कृपाल सिंह बीते छह माह से न्याय के लिए थाना से लेकर तहसील तक समाधान दिवस पर न्यायिक लिए दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन आज तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। उनका गांव विकास खंड उरुवा तथा थाना गोला क्षेत्र में पड़ता है।
प्राप्त विवरण के अनुसार पीड़ित का कहना है कि उनके दरवाजे से ग्राम सभा द्वारा निर्मित सार्वजनिक नाली गई है, जिसका चैंबर विपक्षी द्वारा पाट दिया गया है। इसके चलते उनके घर के नाबदान का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है और घर के पास ही जमा होकर सड़ रहा है, जिससे गंभीर गंदगी व बीमारी का खतरा बना हुआ है।
राम कृपाल सिंह के अनुसार, जब वे शिकायत लेकर विकास खंड कार्यालय जाते हैं तो उन्हें तहसील भेज दिया जाता है। तहसील पहुंचने पर एसडीएम थाना जाने को कहते हैं, जबकि थाना पर जाने पर पुलिस पुनः विकास खंड भेज देती है। इस तरह विभागीय चक्कर में छह माह बीत गए, परंतु नाली नहीं खुल सकी।
इस बार समाधान दिवस पर पीड़ित की पीड़ा सुनकर नवागत कोतवाल एवं समाधान दिवस प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि ग्राम सचिव या प्रधान के माध्यम से विपक्षी के विरुद्ध थाना में प्रार्थना पत्र दिलाया जाए, जिस पर मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित ने प्रशासन से शीघ्र नाली खुलवाकर जलनिकासी बहाल कराने की मांग की है।
