Connect with us

वायरल

तीन दिवसीय दिव्य कला समागम का भव्य शुभारंभ

Published

on

Loading...
Loading...

अयोध्या। प्रभु श्रीराम की पावन धरा पर पहली बार आयोजित तीन दिवसीय दिव्य कला समागम का भव्य शुभारंभ सोमवार को साकेत पीजी कॉलेज, अयोध्या के प्रांगण में हुआ। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन नई सुबह, वाराणसी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और जिला प्रशासन अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर किया।

दिव्यांगजनों को अवसर प्रदान करना प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि दिव्यांगजन हर क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं और उनके सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इस समागम का उद्देश्य उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करना है।

सशक्तिकरण के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निदेशक भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि विभाग दिव्यांगजनों के जीवनस्तर को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विभाग की योजनाओं का प्रदेश भर में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।

नई सुबह संस्था का योगदान सराहनीय
नई सुबह संस्था के संस्थापक और प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ. अजय तिवारी ने कहा कि संस्था दिव्यांगजनों के स्वावलंबन और उनके शिक्षण-प्रशिक्षण में सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने नई सुबह को राज्य की सर्वश्रेष्ठ संस्था का सम्मान प्रदान किया है।

कार्यक्रम को अनुपमा मौर्या, उपनिदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग) और साकेत कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष दीप चंद्र ने भी संबोधित किया। दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने भक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को मनोरम बना दिया।

Advertisement

प्रदर्शनी में दिखा दिव्यांगजनों का हुनर
समागम में दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए 25 संस्थाओं ने स्टाल लगाए। इन स्टालों पर दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित वस्तुओं और कलाकृतियों का प्रदर्शन और विक्रय किया गया। साथ ही, दिव्यांगता पर आधारित पुस्तकों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में साकेत पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दानपति तिवारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी, डॉ. मनोज कुमार तिवारी, आजाद तिवारी, डॉ. आदित्य तिवारी, डॉ. अमित तिवारी, राजीव कुमार सिन्हा और गौरव चक्रवर्ती सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन देश दीपक ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अजय तिवारी ने दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page