Connect with us

गोरखपुर

तितनापार में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जिले के सहजनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तितनापार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब राम किशुन गौंड के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया।

सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। आग की चपेट में आकर लाखों रुपये के कपड़े, कीमती जेवरात और हजारों रुपये नकद पूरी तरह नष्ट हो गए। खुशियों से भरा घर पलभर में मातम में बदल गया।

घंटों की मशक्कत के बाद बुझी आग

आग लगते ही गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के ग्रामीण बाल्टी, पाइप और जो भी संसाधन उपलब्ध थे, लेकर मौके पर जुट गए। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, तब जाकर स्थिति नियंत्रण में आ सकी।

राजस्व विभाग मौके पर पहुंचा

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचे और क्षति का निरीक्षण कर मौके की जांच-पड़ताल कर रिपोर्ट तैयार की। लेखपाल ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है और सरकार की ओर से जो भी संभव सहायता होगी, वह दिलाई जाएगी।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पीड़ित राम किशुन गौंड ने रोते हुए बताया कि वर्षों की मेहनत से जुटाया गया सामान कुछ ही मिनटों में जलकर खत्म हो गया। शादी की खुशियां अब चिंता और मायूसी में बदल चुकी हैं।

प्रशासन से मदद की आस

ग्रामीणों और सामाजिक लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि उजड़ चुके घर को फिर से बसाया जा सके। यह घटना एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बिजली सुरक्षा और आपदा राहत व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page