गोरखपुर
तहसील प्रशासन ने खेल मैदान से हटावाया अवैध अतिक्रमण
गोरखपुर। जनपद में सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत तहसील प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम टड़वा कला में स्थित राजस्व अभिलेखों में दर्ज खेल मैदान पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटवा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टड़वा कला में गाटा संख्या 114 राजस्व रिकॉर्ड में खेल मैदान के रूप में दर्ज है। इस सार्वजनिक मैदान पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण अथवा घेराबंदी कर ली गई थी, जिससे गांव के बच्चों और युवाओं को खेलने-कूदने में परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों की शिकायत और जांच के बाद तहसील प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खेल मैदान, तालाब, सड़क और अन्य सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में पुनः अतिक्रमण न हो, इसके लिए भूमि का सीमांकन भी कराया गया और संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी दी गई।
इस कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि अब बच्चों और युवाओं को खेलने के लिए फिर से मैदान उपलब्ध हो सकेगा और गांव की खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से यह संदेश गया है कि सरकारी व सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
