Uncategorized
ढाबे पर पत्नी को ग्राम प्रधान संग देख युवक ने दर्ज कराई शिकायत
समर्थकों ने पीटा, जान से मारने की दी धमकी
वाराणसी (पिंडरा)। फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक जिस ढाबे पर काम कर रहा था, वहीं उसकी पत्नी को लेकर ग्राम प्रधान पहुंचा और अश्लील हरकत करने लगा। यह देख कर युवक ने विरोध जताया। आरोप है कि इस पर ग्राम प्रधान के समर्थकों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना के संबंध में युवक ने फूलपुर थाने की पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में छिरिया निवासी शिवआसरे विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि, वह हाइवे पर चुप्पेपुर स्थित एक ढाबे पर 5 सितंबर को फर्नीचर का काम कर रहा था। तभी गांव का ग्राम प्रधान अनिल पटेल मेरी पत्नी को बाइक पर बैठाकर पहुंचा और वहां बैठकर पत्नी के साथ अश्लील हरकत करने लगा। मैंने वहां लोकलाज के चलते नहीं बोला। घर आने पर जब ग्राम प्रधान से फोन पर शिकायत की तो दूसरे दिन 6 सितंबर की रात 7:30 बजे गांव के बाहर ग्राम प्रधान के समर्थक बाइक से पहुंचे और मुझे मारा-पीटा। उन सब ने मुझे धमकी देते हुए कहा कि, ग्राम प्रधान की शिकायत करेगा तो जान से मार देंगे।
वहीं इस मामले में फूलपुर थाने के निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि, तहरीर मिली है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
