वाराणसी
डीसीएम सहित लाखों का गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
वाराणसी। रोहनिया पुलिस और एसओजी टीम ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई में बिहार से उत्तर प्रदेश तस्करी कर लाए गए गांजे की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस ने डीसीएम में छिपाकर लाए गए गांजे के 26 पैकेट जब्त किए, जिनकी कुल मात्रा लगभग 1 क्विंटल है। इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में गांजा लेकर सप्लाई देने जा रहे तस्कर संजय कुमार दुबे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि यह संयुक्त कार्यवाही थाना रोहनिया और एसओजी कमिश्नरेट की थी।
आरोपी मूलतः रामनगर सकरी थाना दावथ, रोहतास, बिहार का निवासी है। वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और पुलिस की रडार पर था। शुक्रवार आधी रात के बाद आरोपी यूपी बार्डर में घुसकर गांजा सप्लाई देने जा रहा था, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान शिवाय हास्पिटल के पास आरोपी की डीसीएम की जांच की गई, जिसमें पूरा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं और उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
