गोरखपुर
‘डीजे वाले बाबू’ ने मचाया गदर, जमकर झूमी गोरखनगरी
गोरखपुर। जनपद में गोरखपुर महोत्सव के अंतिम दिन मंगलवार की रात बॉलीवुड नाइट यादगार बन गई। मशहूर सिंगर और रैपर बादशाह ने अपने सुपरहिट गानों से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। ‘हाय गर्मी’ और ‘डीजे वाले बाबू’ गाने पर बादशाह ने दर्शकों को खूब झुमाया।
मंगलवार की शाम ढलते ही महोत्सव स्थल पर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। बादशाह के लाइव शो को देखने के लिए न सिर्फ शहर बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में युवा और संगीत प्रेमी पहुंचे थे। रात करीब नौ बजे जैसे ही एलईडी स्क्रीन पर बादशाह की जिंदगी और संगीत सफर पर आधारित एक वीडियो चलना शुरू हुआ, दर्शकों का उत्साह और शोर तेज हो गया।
ठीक 9:10 बजे जैसे ही ‘लड़की पागल है पागल है’ गाने की धुन के साथ बादशाह ने स्टेज पर एंट्री की, वैसे ही सर्द रात में जोश की लहर दौड़ गई। पूरा परिसर तालियों और नारों से गूंज उठा। स्टेज पर आते ही बादशाह ने अपने चिर-परिचित अंदाज में पूछा, ‘कैसन बा’ इस पर हजारों की भीड़ ने एक सुर में जवाब दिया- ‘ठीक बा’।
