गाजीपुर
डिवाइडर से टकरायी बाइक, युवक की मौत
नन्दगंज (गाजीपुर)। वाराणसी–गोरखपुर फोरलेन पर थाना क्षेत्र के रामपुर बन्तरा तिराहे के पास बीती रात डिवाइडर से टकराकर बाइक सवार दो व्यक्ति गिरकर बुरी तरह घायल हो गये। जिसमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा घायल व्यक्ति का उपचार जिला चिकित्सालय गाजीपुर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बरहपुर (यादव बस्ती) निवासी विवेक कुमार यादव (30 वर्ष) पुत्र रामलखन यादव घर में खाना बनाने वाली गैस समाप्त हो जाने पर गैस भरवाने के लिए अपने मित्र अशोक यादव उम्र 27 वर्ष के साथ रात करीब 9:30 बजे रामपुर बन्तरा फोरलेन के पास स्थित पैरा मिलिट्री कैन्टीन पर जा रहा था। वहां पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर सुबह आकर लेने की बात बोलकर घर वापस लौट रहा था। तभी रामपुर बन्तरा तिराहे के पास सामने से आ रही गाड़ी की तेज रोशनी से सामने दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
बाइक की स्पीड ज्यादा होने से बाइक चालक विवेक कुमार यादव के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही मृत्यु हो गई। वह हेलमेट भी नहीं पहन रहा था। मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी तथा घायल अशोक यादव को जिला अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी पूनम व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। मृतक की 13 माह की एक पुत्री भी है। मृतक के चाचा प्रेम नारायण उर्फ गुड्डू ने अपने भतीजे विवेक की बाइक को डिवाइडर से टकरा जाने से मृत्यु होने की तहरीर दी है। पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
