वाराणसी
ठंड बढ़ने के साथ हवा हुई प्रदूषित
वाराणसी में ठंड बढ़ने के साथ ही हवा में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ने लगी है। पिछले 48 घंटों से शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स यलो जोन में बना हुआ है। सबसे अधिक प्रदूषित इलाके अर्दली बाजार, मलदहिया और भेलूपुर हैं। अर्दली बाजार की हवा में नाइट्रोजन की मात्रा 107 और मलदहिया में कार्बन की मात्रा 106 से अधिक दर्ज की गई है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर ऐप के अनुसार बुधवार सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 119 था, जो रात नौ बजे तक 132 तक पहुंच गया। अर्दली बाजार का एक्यूआई 165, मलदहिया का 151, भेलूपुर का 128 और बीएचयू का 82 रिकॉर्ड किया गया।
अर्दली बाजार में पीएम 2.5 की अधिकतम मात्रा 230 और पीएम 10 की मात्रा 187 रही, जबकि नाइट्रोजन 100, सल्फर 21 और कार्बन 108 दर्ज हुआ। मलदहिया में पीएम 2.5 की मात्रा 236 और पीएम 10 की 114 रही।
यहां नाइट्रोजन दो, सल्फर 27 और कार्बन 101 मापा गया। भेलूपुर में पीएम 2.5 और पीएम 10 की मात्रा 146, सल्फर 37, कार्बन 102 और नाइट्रोजन आठ रही। बीएचयू में पीएम 2.5 की मात्रा 81, पीएम 10 की 99, नाइट्रोजन दो, सल्फर 30 और कार्बन की मात्रा 40 दर्ज की गई।
प्रदूषण का यह स्तर सांस के रोगियों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहद हानिकारक है। विशेषज्ञों का सुझाव है कि घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग करें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
