गाजीपुर
टोटो चालक को मिली जान से मारने की धमकी
गाजीपुर। सक्कापुर दुर्खुश गांव के निवासी एक टोटो चालक को जान से मारने और पीटने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना से भयभीत चालक ने थाने में एक मनबढ़ युवक के खिलाफ नामजद तहरीर सौंपते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। अब इस प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
सक्कापुर गांव निवासी बृजेश कुमार गोंड (40) पुत्र सिंहासन गोंड ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह लंबे समय से अपना ई-रिक्शा चलाकर मरदह–महाहर धाम मार्ग पर परिवार का जीविकोपार्जन कर रहा है। बीती शाम वह महाहर धाम बाजार से सवारी लेकर मरदह की ओर जा रहा था। इसी दौरान सक्कापुर गोधनी नाला पुलिया के पास पहले से मौजूद एक युवक ने उसे रोक लिया और मां-बहन की भद्दी गालियां देते हुए मारपीट पर उतारू हो गया।
स्थानीय लोगों के बीच-बचाव करने पर युवक वहां से चला गया, लेकिन इसके बाद महाहर धाम बाजार में दोबारा मिलने पर उसने “ठीक कर देने” और जान से मारने की धमकी दी। चालक ने यह भी बताया कि इससे पहले भी उक्त युवक मरदह बस स्टैंड पर उसे देख लेने की धमकी दे चुका है। आरोप है कि वह युवक बिना किसी कागजात के विक्रम ऑटो चलाता है और अन्य वाहन चालकों को आए दिन डराता-धमकाता रहता है, जिससे क्षेत्र के चालक भय के साये में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
