गोरखपुर
टेलीग्राम पर मुनाफे का झांसा देकर एक लाख से अधिक की साइबर ठगी
गोरखपुर। टेलीग्राम के माध्यम से निवेश और ऑनलाइन टास्क पूरा करने का लालच देकर युवक से 1.89 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गोरखनाथ थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रसूलपुर निवासी मोहम्मद जैद ने पुलिस को बताया कि उनके मोबाइल नंबर से टेलीग्राम अकाउंट बना हुआ है। 22 दिसंबर 2025 को उनके टेलीग्राम पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को एक निवेशक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए गूगल मैप पर रेटिंग देने के बदले पैसे कमाने का प्रस्ताव दिया।
शुरुआत में जैद ने केवल रेटिंग से जुड़े टास्क पूरे किए, जिसके बदले उन्हें कुछ रकम दिखाई गई। इससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया, जहां ग्रुप एडमिन और अन्य सदस्य निवेश पर मोटे मुनाफे के स्क्रीनशॉट और चार्ट साझा कर रहे थे। ग्रुप में दावा किया गया कि थोड़े निवेश पर कम समय में दोगुना और तिगुना लाभ मिलेगा।
पहले चरण में जैद से तीन हजार रुपये यूपीआई के जरिए जमा कराए गए। इसके बाद उनके नाम से बनी आईडी में मुनाफा जोड़कर 3,900 रुपये दिखाए गए, जिससे उन्हें योजना वास्तविक लगी। इसके बाद साइबर ठगों ने धीरे-धीरे नए-नए टास्क बताने शुरू कर दिए और अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर कराए गए। हर बार यह कहा गया कि अगला टास्क पूरा होते ही पूरी रकम मुनाफे सहित वापस मिल जाएगी।
इसी भरोसे में पीड़ित लगातार रुपये भेजता रहा। बाद में ठगी का अहसास होने पर उसने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और गोरखनाथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
