मिर्ज़ापुर
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम: मिर्जापुर में 62 मरीजों को गोद लेकर दिया नया जीवन
जनपद के विकासखंड मझवां स्थित कछवा क्रिश्चियन अस्पताल में गुरुवार को टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 62 टीबी मरीजों को गोद लिया गया और कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मझवां की विधायिका श्रीमती सूचिस्मिता मौर्या ने टीबी उन्मूलन के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
मुख्य अतिथि सूचिस्मिता मौर्या ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में सभी को अपने स्तर पर योगदान देना चाहिए। उन्होंने पोलियो उन्मूलन का उदाहरण देते हुए टीबी को भी पूरी तरह समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संवेदनशील नागरिकों को आगे आने की अपील
कार्यक्रम में क्रिश्चियन अस्पताल द्वारा 51 और डॉक्टर पंधारी यादव द्वारा 11 मरीजों को गोद लिए जाने की सराहना करते हुए विधायिका ने सक्षम व्यक्तियों से ऐसे जनहित कार्यों में आगे आने की अपील की। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र का कोई भी आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, लीवर और किडनी रोगों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री कोष से मदद पाने के लिए उनसे संपर्क कर सकता है।


टीबी मरीजों के लिए बढ़ती सुविधाएं
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि जनपद में टीबी मरीजों की जांच और इलाज के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा की। साथ ही यह जानकारी दी कि सरकार ने नवंबर 2024 से टीबी मरीजों को इलाज की अवधि तक हर महीने 1000 आर्थिक सहायता देने की शुरुआत की है।
टीबी चैंपियंस को सम्मान
कार्यक्रम में टीबी चैंपियन राकेश कुमार को उनके मानवता से भरे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला क्षय विभाग के कोऑर्डिनेटर सतीश शंकर यादव ने किया। उन्होंने टीबी के लक्षणों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

क्रिश्चियन अस्पताल के प्रबंधक श्री रामचंद्रम ने टीबी, कैंसर और अन्य बीमारियों के इलाज में सरकारी तंत्र के साथ मिलकर कार्य करने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम में सीएचसी प्रभारी डॉ. सीबी पटेल, प्रदीप कुमार, आषुतोष, उदयभान तिवारी, डॉ. जॉर्ज, रामपाल और प्रेम कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
