चन्दौली
“झूठ बोलकर चुनाव जीतने वालों को जनता देगी जवाब” : डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय

विधायक सुशील सिंह ने सपा पर साधा निशाना
चंदौली। सैयदराजा विधानसभा के सोनडेहरा पंचायत भवन प्रांगण में रविवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ग्राम प्रधान जितेन्द्र चौहान ने किया, जबकि मंच की अध्यक्षता ग्राम सभा के भगत चौहान ने की। संचालन की बागडोर भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतीश चौहान ने संभाली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सुशील सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखी गई।
“जनता का ऋणी हूं” – डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा, “2014 में जब मैं इस क्षेत्र से सांसद प्रत्याशी के रूप में आया, तब यहां की भौगोलिक परिस्थिति को निकट से जाना। जनता ने लगातार दस वर्षों तक सांसद बनाकर जो आशीर्वाद दिया, उसके लिए मैं आजीवन ऋणी रहूंगा। चुनाव हारा जरूर हूं, लेकिन सेवा से कभी दूर नहीं हुआ। नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ की सोच को साकार करने में हरसंभव योगदान देता रहूंगा।”
डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के दुख–सुख में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ सहभागी बनें। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की भी सलाह दी।
“सपा ने झूठ बोलकर चुनाव जीता” – विधायक सुशील सिंह
विधायक सुशील सिंह ने अपने भाषण में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “लोकसभा चुनाव में सपा ने झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया और जीत हासिल कर ली। इसका खामियाजा चंदौली की जनता आज भुगत रही है। तेज गति से चल रही विकास की गाड़ी को रोका गया। आज लोग पूछ रहे हैं कि सांसद बनकर आपने अब तक क्या काम किया ?”
उन्होंने आगे कहा कि यदि सपा सांसद को जनता का विश्वास वापस पाना है तो उन्हें केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारना होगा, वरना जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।
इस अवसर पर जिले के तमाम वरिष्ठ भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, सर्वेश कुमार, अभिमन्यु सिंह, सूर्यमणि तिवारी, मंगला सिंह, राजेश सिंह, हरिवंश उपाध्याय, बुद्धुलाल विश्वकर्मा, मृत्युंजय सिंह, इंदल सिंह बाबा, रामसुंदर चौहान, राकेश मिश्रा, जितेन्द्र पाण्डेय, किरण शर्मा, शिवशंकर पटेल, विपिन सिंह, संतोष सिंह, इन्द्रजीत विंद, जश्याम त्रिपाठी, पूनम चौहान, जयप्रकाश चौहान, चंद्रभान मौर्य, मनोज कुशवाहा, अरुण मिश्रा, दिलीप सोनकर, आशुतोष सिंह, सियाराम पाठक, बिरजू साधु सहित अन्य सम्मानित जन लोग शामिल रहें।