पूर्वांचल
जौनपुर के डीएम के नाम से फर्जी बनाई फेसबुक आईडी
जौनपुर। साइबर अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि उन्होंने जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना ली। इस फर्जी आईडी के जरिए लोगों को ठगने का प्रयास किया जा रहा है।
डीएम को जैसे ही इस फर्जी आईडी की जानकारी मिली, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सतर्कता संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा, “सावधान! कृपया ध्यान दें, किसी अज्ञात व्यक्ति ने मेरे फोटो और नाम का प्रयोग करते हुए ‘दिनेश चंद्र आईएएस’ नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बना ली है और इसका दुरुपयोग किया जा रहा है। मेरी ओर से ऐसी कोई फेसबुक आईडी या व्हाट्सएप अकाउंट नहीं बनाया गया है। कृपया इस फेक आईडी से आने वाली किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट को ब्लॉक कर दें और ऐसे किसी व्यक्ति के प्रलोभन में न आएं।”
इस मामले में साइबर सेल ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी द्वारा जारी चेतावनी के बाद नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
