Connect with us

चन्दौली

जैपुरिया स्कूल पड़ाव के तैराकों का जलवा, 14 पदकों के साथ नया रिकॉर्ड

Published

on

तैराकी के सिकंदरों का छाया हुनर, पानी पर लिखा विजय का पथ

चंदौली। सीबीएसई क्लस्टर पूर्वी जोन तैराकी प्रतिस्पर्धा 2025 में सेठ एम. आर. जैपुरिया स्कूल्स की पड़ाव शाखा के नौनिहाल तैराकों ने अपना लोहा मनवाया। विद्यालय परिवार के लिए अपार गौरव का क्षण रहा, जब इन कुशल तैराकों ने 14 पदकों की उत्कृष्ट उपलब्धि से नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह प्रतियोगिता पटना के दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई, जिसमें 20 मंडलों के लगभग 1200 से अधिक प्रतिभाओं ने हिस्सा लिया।

तैराकी अपने आप में एक महत्वपूर्ण कौशल है, क्योंकि यह न केवल एक मनोरंजक व्यायाम है, अपितु एक जीवन रक्षक कौशल भी है, जो भावनात्मक कल्याण और सहनशक्ति में वृद्धि करने में सहायक है। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों एवं आयु वर्गों में पड़ाव शाखा के धुरंधरों ने 6 स्वर्ण, 5 रजत तथा 3 कांस्य पदक जीते।

अंडर–14 बालिका वर्ग में इज्या सिंह ने फ्रीस्टाइल प्रतियोगिता के 50 मीटर (मात्र 33.43 सेकंड), 100 मीटर, 200 मीटर (02:49:69 मिनट) व 400 मीटर में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। साथ ही कस्तूरी बरनवाल, आलेख्या राय, ऋषिका मोहित मौले व अन्वी सेठ का साथ देते हुए 4×100 मीटर की रिले रेस में रजत पदक प्राप्त किया। बालकों में आकर्षित त्रिपाठी, वसव राज, मिहिर श्रीवास्तव, आदित्य मिश्रा एवं शिखर केजरीवाल की अंडर–14 टीम ने मेडले रिले में तथा आकर्षित त्रिपाठी ने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक जीता।

अंडर–17 बालक वर्ग में गौरव सेन गुप्ता ने 200 मीटर बटरफ्लाई स्ट्रोक को मात्र 02:41:43 मिनट तथा 800 मीटर फ्रीस्टाइल (2:41:51 मिनट) में उल्लेखनीय प्रदर्शन द्वारा स्वर्ण पदक अपने खाते में डाले। साथ ही 400 मीटर इंडिविजुअल मेडले व 400 मीटर फ्रीस्टाइल में रजत पदक प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त अनुकल्प जायसवाल ने 50 मीटर बटरफ्लाई स्ट्रोक में कांस्य पदक जीता, वहीं अनुकल्प जायसवाल, गौरव सेन गुप्ता, पार्थ साहनी, शौर्य श्रीवास्तव एवं यथार्थ यादव की टीम ने अंडर–17 वर्ग में ही 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले तथा 4×100 मीटर मेडले रिले में रजत पदक प्राप्त किया।

Advertisement

पदकों का सिलसिला यहीं नहीं थमा। इन नन्हे तैराकों ने अपने कुशल प्रशिक्षकों दिनेश निषाद, पिंकी बिस्वास व सुरेश प्रसाद के संरक्षण में उल्लेखनीय प्रदर्शन से दर्शक दीर्घा को अचंभित कर दिया। अंडर–14 बालिका वर्ग में इज्या सिंह को इंडिविजुअल चैंपियनशिप अवॉर्ड से नवाजा गया, वहीं यूपी फेडरेशन के खिलाड़ियों जैसे अदम्य साहस का प्रदर्शन करने हेतु गौरव सेन गुप्ता को भी अपार सराहना मिली।

उक्त अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री दीपक बजाज, प्रबंध निदेशक श्री मनोज बजाज, कार्यकारी निदेशक श्री श्याम सुंदर बजाज, निदेशक गौरांग बजाज, प्राचार्य आशीष सक्सेना सहित सभी पदाधिकारियों ने असीम बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page