गाजीपुर
जीरो वेस्ट इवेंट पर जागरूकता गोष्ठी आयोजित
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के तत्वावधान में वार्ड संख्या 17 (गंज दक्षिणी) में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं कूड़ा निस्तारण को लेकर एक दिवसीय क्षमता प्रवर्द्धन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह आयोजन जीरो वेस्ट इवेंट के तहत नगर पालिका के मैरिज हॉल में हुआ, जिसकी अध्यक्षता नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रईस अहमद ने की।
गोष्ठी में श्याम बाबू सैनी ने विषय प्रवेश करते हुए गीले और सूखे कचरे के सही निस्तारण के वैज्ञानिक तरीकों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि घर-घर कचरे को अलग-अलग करके देना ही स्वच्छता की ओर पहला कदम है।

स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर संतोष कुमार यादव ने कविता के माध्यम से जल संचयन, स्वच्छता और प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया। उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने खूब सराहा।
मुख्य वक्ता के रूप में अध्यक्ष रईस अहमद ने कहा कि भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत मोहम्मदाबाद नगरपालिका द्वारा सभी वार्डों में इस प्रकार की गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बरसात के मौसम में होने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके दें।
इस अवसर पर वार्ड वासियों ने स्थानीय स्तर पर सफाई से जुड़ी समस्याओं को सामने रखा। अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि सीमित संसाधनों के बावजूद नगर पालिका प्रत्येक गली को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में सफाई नायक लालू यादव, जीवित रावत, अजीज एवं सद्दाम समेत कई सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
