गाजीपुर
जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी
सैदपुर (गाजीपुर)। गौतम स्पोर्ट्स अकादमी गैबिपुर के प्रांगण में आयोजित 11वीं जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार प्रातः 10 बजे हुआ। प्रतियोगिता में गाजीपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त जिले की कुल 10 टीमों से कुल 150 से ज्यादा खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। समाचार लिखे जाने तक सब जूनियर बालिकाओं के 20 किग्रा भार वर्ग में गौतम स्पोर्ट्स अकादमी की शिवा सिंह गौतम ने रजत तो इसी अकादमी की जागृति मोदनवाल ने स्वर्ण पदक जीता।
सब जूनियर के 21 किग्रा वर्ग में ए.के. नेशनल इंटर कॉलेज औड़िहार के शौर्य पाल ने स्वर्ण तो साह इंग्लिश स्कूल के सैफान कुरैशी ने रजत पदक जीता। 23 किग्रा में गैबिपुर हॉस्टल गैबिपुर के आदित्यजीत बिंद ने रजत तो भीमापार के प्रतीक यादव ने स्वर्ण पदक जीता। 25 किग्रा में साह इंग्लिश स्कूल के उज्ज्वल गुप्ता ने कांस्य, क्रीड़ा भारती के अर्णव गोंड ने कांस्य तो बाल योद्धा मार्शल आर्ट्स अकादमी सैदपुर के अथर्व सोनकर ने स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार सब जूनियर के 29 किग्रा भार वर्ग में साह इंग्लिश स्कूल के दिव्यांश पटेल और ए.के. नेशनल इंटर कॉलेज औड़िहार के सत्यांश यादव ने कांस्य, इसी स्कूल के आदर्श यादव ने रजत पदक और डालिम्स सनबीम स्कूल के श्रेयांश तिवारी ने स्वर्ण पदक जीता।

32 किग्रा भार वर्ग में साह इंग्लिश स्कूल की प्रियंका अग्रवाल और बाल योद्धा मार्शल आर्ट्स अकादमी के अर्णव प्रजापति ने कांस्य पदक, गौतम स्पोर्ट्स अकादमी गैबिपुर के शिवम यादव ने रजत और ग्लोइंग स्पोर्ट्स अकादमी गाजीपुर के नितिन कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। इसी क्रम में बालिका कैडेट वर्ग के 41 किग्रा में खेलते हुए डुओ क्लब की सभ्यता श्रीवास्तव ने कांस्य और अनुष्का कुशवाहा ने रजत पदक तो गौतम स्पोर्ट्स अकादमी गैबिपुर की तेजस्विनी प्रजापति ने स्वर्ण पदक जीता।
इसके पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिला अध्यक्ष रामतेज पांडेय जी ने हनुमान जी, भारत माता व पहलवान उमाशंकर सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर व खिलाड़ियों का हाथ मिलवाकर किया। इस अवसर पर साह इंग्लिश स्कूल के प्रधानाचार्य इरफान अहमद, ए.के. नेशनल इंटर कॉलेज औड़िहार के प्रधानाचार्य विरेंद्र कुमार मौर्य, रणविजय सिंह, जयशंकर यादव, सुधीर यादव, अखिलेश साहनी, शिवम दुबे, कमलेन्द्र सिंह, उदयप्रताप सिंह, हाफेड के निदेशक संजय सिंह, सुल्तान खान, शेषनाथ यादव, डॉ. पंकज यादव, गाजीपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव अब्दुल मलिक खान, केदार पाठक, अरशद रजा इत्यादि गणमान्य उपस्थित रहे।
गौतम स्पोर्ट्स अकादमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता के अंत में समस्त पदक विजेताओं को प्रमाण पत्र के साथ पदक व आकर्षक उपहार वितरण किया जाएगा, साथ ही प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी व टीम प्रशिक्षकों को विशेष पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
