जौनपुर
जिलाधिकारी ने रामपुर में फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का किया निरीक्षण
लक्ष्य समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश
रामपुर (जौनपुर)। जनपद में संचालित किसान हितैषी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के क्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने रामपुर नगर पंचायत स्थित एसपीएस कंप्यूटर सेंटर पर चल रहे फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप रजिस्ट्री कार्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की गहन समीक्षा की और मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, नायब तहसीलदार संदीप सिंह, कृषि विशेषज्ञ जय प्रकाश गुप्ता सहित लेखपालों की टीम मौजूद रही।
अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कई मामलों में कृषकों के नाम, पिता के नाम अथवा खतौनी में दर्ज विवरण में असमानता (मिसमैच) होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री में बाधाएं आ रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों का तत्काल संज्ञान लेकर खतौनी अभिलेखों में आवश्यक संशोधन एवं कम्पाइलिंग कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रह सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और सटीकता के साथ रजिस्ट्रेशन कार्य को पूर्ण करना प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसानों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने के निर्देश दिए।
इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले श्याम अनुज पांडे को जिलाधिकारी द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके कार्य की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कही गई।
कार्यक्रम में लेखपाल विपिन यादव, रतन बहादुर यादव, मिथिलेश कुमार, श्याम कार्तिक, अवधेश कुमार, डॉ. संतोष पांडेय, ग्राम प्रधान मुरलीधर मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि यह अभियान किसानों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ सफल बनाना सभी का दायित्व है।
