मऊ
जिलाधिकारी ने यूपीपीसीएस परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और पुलिस अधीक्षक इलमारन जी ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2024 के लिए जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। यह परीक्षा 21 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 9216 परीक्षार्थी भाग लेंगे।

जिलाधिकारी ने मुस्लिम इंटर कालेज, डीएवी इंटर कॉलेज, संत गणिनाथ पीजी कॉलेज मोहम्मदाबाद गोहना, नेशनल इंटर कॉलेज मोहम्मदाबाद गोहना और टाउन इंटर कॉलेज मोहम्मदाबाद गोहना सहित कई केंद्रों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल और शौचालय की सुविधाएं उपलब्ध हों।
इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे की सक्रियता और परीक्षा के समय से संबंधित सभी प्रावधानों को सही तरीके से लागू करने की भी सलाह दी। जिलाधिकारी ने परीक्षा के निष्पक्ष संचालन के लिए केंद्र व्यवस्थापकों से समय पर चेकिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने को कहा।
