वाराणसी
जाति जनगणना से शोषित समाज को मिलेगा न्याय : डॉ. अरविंद गांधी

वाराणसी। समता समाजवादी कांग्रेस पार्टी (कांग्रेस-एस.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरविंद गांधी ने जाति जनगणना को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे शोषित एवं वंचित समाज को न सिर्फ न्याय मिलेगा, बल्कि उन्हें लक्षित कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि 1931 के बाद पहली बार केंद्र सरकार ने विपक्षी दलों के संघर्ष और दबाव के चलते जातीय जनगणना की ओर कदम बढ़ाया है, जो सामाजिक न्याय की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
डॉ. गांधी ने कहा कि जातीय जनगणना से देश में मौजूद ऐतिहासिक सामाजिक असमानता और अन्याय की असली तस्वीर सामने आएगी। इससे उन समूहों की सही पहचान हो सकेगी, जो वर्षों से उपेक्षित और हाशिए पर रहे हैं। यह जनगणना सामाजिक-आर्थिक नीतियों, आरक्षण व्यवस्था और न्यायसंगत संसाधन वितरण के लिए आधार बनेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रक्रिया से नीति निर्माता नीतियों के पुनर्गठन में सक्षम होंगे और आरक्षण की सीमाओं को वैज्ञानिक आधार पर तय किया जा सकेगा। डॉ. गांधी ने जातिगत जनगणना को सामाजिक परिवर्तन, समावेशी विकास और भविष्य की नीति निर्धारण के लिए आवश्यक कदम बताया।