वाराणसी
जल निगम की फटी पाइपलाइन, निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के दौरान जल निगम की मुख्य पाइपलाइन फटने से व्यापक जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। खालिसपुर नहर के पास हुई इस घटना में तेज दबाव के साथ पानी बाहर निकलने लगा, जिससे सड़क, नहर किनारा और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। इस हादसे के चलते करीब 5000 लोगों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, गंजारी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को विभिन्न मार्गों से जोड़ने के उद्देश्य से ज्ञानपुर नहर प्रखंड के किनारे बनी सड़क का चौड़ीकरण कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन से सड़क किनारे की मिट्टी समतल की जा रही थी। खुदाई के समय भूमिगत पाइपलाइन का सटीक आकलन नहीं हो सका और जेसीबी की टक्कर से जल निगम की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। अचानक हुए जलभराव को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं जलापूर्ति बाधित होने से क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र की जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। लोगों को पीने के पानी के लिए हैंडपंप और अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। खासतौर पर सुबह के समय पानी की किल्लत अधिक महसूस की जा रही है।
सूचना मिलते ही जल निगम के कर्मचारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई और पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन को दुरुस्त करने में कुछ समय लग सकता है, जिसके बाद ही क्षेत्र में जलापूर्ति सामान्य हो सकेगी।
