मनोरंजन
जय भानुशाली–माही विज का 14 साल बाद टूटा रिश्ता
सेपरेशन पर बोले– यहां कोई विलेन नहीं
मुंबई। टेलीविजन इंडस्ट्री के चर्चित कपल जय भानुशाली और माही विज ने अपने रिश्ते को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए आधिकारिक तौर पर अलग होने की पुष्टि कर दी है। दोनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा बयान जारी कर बताया कि उन्होंने आपसी सहमति से अपनी राहें अलग करने का फैसला लिया है। कुछ महीनों से उनके तलाक की चर्चाएं सामने आ रही थीं, जिन्हें अब खुद दोनों ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लिया है।

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए संयुक्त बयान में जय भानुशाली (Jay Bhanushali) ने लिखा कि जीवन की इस यात्रा में वे भले ही अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ रहे हों, लेकिन एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग बना रहेगा। उन्होंने कहा कि शांति, विकास, दया और इंसानियत उनके लिए हमेशा मार्गदर्शक मूल्य रहे हैं। अपने बच्चों तारा, खुशी और राजवीर के लिए उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे मिलकर जिम्मेदार माता-पिता और अच्छे दोस्त बने रहेंगे तथा बच्चों के हित में जो भी जरूरी होगा, वह करेंगे।

अपने बयान में दोनों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि उनके अलगाव की इस कहानी में कोई भी विलेन नहीं है और न ही किसी तरह की नकारात्मकता। उन्होंने कहा कि भले ही वे अलग दिशा में आगे बढ़ रहे हों, लेकिन वे ड्रामे के बजाय शांति और समझदारी को प्राथमिकता देते हैं। एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग बनाए रखने की बात दोहराते हुए उन्होंने लोगों से भी यही उम्मीद जताई कि उनके फैसले को सम्मान, प्यार और संवेदनशीलता के साथ समझा जाए।

जय भानुशाली और माही विज (Mahhi Vij) की शादी 11 नवंबर 2011 को हुई थी। दोनों तीन बच्चों के माता-पिता हैं, जिनमें बेटी तारा का जन्म वर्ष 2019 में हुआ, जबकि राजवीर और खुशी को उन्होंने 2017 में गोद लिया था। इससे पहले अक्टूबर 2025 की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इस लोकप्रिय टीवी कपल ने कुछ समय पहले तलाक के लिए अर्जी दी थी और जुलाई-अगस्त 2025 के दौरान कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि बच्चों की कस्टडी को लेकर भी आपसी सहमति बन गई है। जुलाई 2025 में तलाक की अफवाहें सामने आने के बाद माही विज ने उस समय यह स्पष्ट किया था कि उन्हें किसी तरह की सफाई देने की जरूरत महसूस नहीं होती।
