राज्य-राजधानी
जम्मू-कश्मीर : डोडा में आतंकियों से मुठभेड़, सेना के चार जवान शहीद
रिपोर्ट – सुभाष चंद्र सिंह
दहशतगर्द जम्मू-कश्मीर में लगातार शांति भंग करने की फिराक में हैं। डोडा जिले के देसा वन क्षेत्र में सोमवार को आतंकियों के साथ हुई संक्षिप्त मुठभेड़ में एक सैन्य अधिकारी समेत पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों की गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक अधिकारी समेत चार जवानों ने दम तोड़ दिया। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है। घटना स्थल पर अतिरिक्त सुरक्षाबलों को भेजा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह के जवानों ने रात करीब पौने आठ बजे देसा वन क्षेत्र के धारी गोटे उरबागी में संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन कश्मीर टाइगर्स ने ली है। डोडा में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।

उन्होंने बताया कि, गोलीबारी में एक अधिकारी सहित चार सैन्यकर्मी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया था जहां उनकी हालत गंभीर बनी थी और अब इनमें से चार जवान शहीद हो गए।
बरामद हुए भारी हथियार –
ऑपरेशन में तीन एके-47 राइफल, चार पिस्तौल और छह हथगोले सहित हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया। इसके अलावा पाकिस्तान-मार्क वाली सिगरेट और खाद्य पदार्थ जब्त किए गया है।
कुलगाम में पिछले सप्ताह मारे गए थे छह आतंकी -आतंकियों के सफाये के लिए सुरक्षा बल बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। कुलगाम जिले में अलग-अलग मुठभेड़ों में पिछले सप्ताह सुरक्षाबलों ने छह आतंकियों को मार गिराया गया था।
