गाजीपुर
जमानिया रेलवे स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था चरमराई
जमानिया (गाजीपुर)। स्टेशन परिसर इन दिनों गंदगी से बेहाल है। रेलवे स्टेशन के भीतर और वाहन स्टैंड के आसपास कूड़े-कचरे की बढ़ती मात्रा यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशान कर रही है। स्थिति यह है कि गंदगी की दुर्गंध तक से लोगों का आना-जाना मुहाल हो चुका है, लेकिन जिम्मेदार विभाग सफाई को लेकर एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ने में ही व्यस्त हैं।

जानकारी के अनुसार, वाहन स्टैंड क्षेत्र में सफाई का काम पिछले कई दिनों से अधर में लटका हुआ है। स्टेशन पर तैनात सफाई सुपरवाइजर वसीम का कहना है कि वाहन स्टैंड उनकी सफाई सीमा में शामिल नहीं है। उनका आरोप है कि जहाँ तक उनकी सफाई सीमा है, उस पर वाहन स्टैंड संचालक कब्जा जमाए हुए हैं, जिससे साफ-सफाई प्रभावित हो रही है।

दूसरी ओर वाहन स्टैंड संचालक सफाई सुपरवाइजर के दावों को खारिज करते हैं। उनका कहना है कि वाहन स्टैंड की साफ-सफाई रेलवे के सफाई कर्मचारियों द्वारा की जानी चाहिए, लेकिन वे अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। संचालक का कहना है कि मजबूरी में उन्हें हफ्ते में एक बार खुद बाहर से मजदूर बुलाकर सफाई करवानी पड़ती है।

यात्रियों का कहना है कि गंदगी की वजह से स्टेशन की छवि खराब हो रही है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। बावजूद इसके रेलवे और वाहन स्टैंड प्रबंधन के बीच जिम्मेदारी को लेकर खींचतान खत्म होने का नाम नहीं ले रही।
इस संबंध में रेलवे विभाग के सीटीआई अशोक कुमार से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन नहीं उठ सका। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर स्टेशन परिसर की सफाई की जिम्मेदारी कौन लेगा और गंदगी से कब निजात मिलेगी?
