Connect with us

गाजीपुर

जमानिया राज नंदनी गैस एजेंसी की लापरवाही से बढ़ी भीड़, सड़क तक लगा जाम

Published

on

Loading...
Loading...

जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। गुरुवार को राज नंदनी गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय राज नंदनी गैस एजेंसी पर कई दिनों बाद गैस की खेप पहुंचने की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।

स्टेशन बाजार स्थित बजरंग कॉलोनी में एजेंसी कार्यालय के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं। भीड़ इतनी अधिक थी कि एजेंसी से लेकर मुख्य सड़क तक जाम की स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया और उनकी मौजूदगी में ही गैस सिलेंडरों का वितरण कराया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब बरेसर में गैस गोदाम मौजूद है, तो वहां वितरण करने के बजाय कॉलोनी में छोटी गाड़ी से सिलेंडर लाकर बांटना समझ से परे है। इस अव्यवस्था के कारण क्षेत्र में भीड़ और जाम की समस्या और बढ़ गई है।

उपभोक्ता अजीत, सुरेश , अमरजीत और चंदू ने बताया कि जमानिया में पिछले कई दिनों से गैस की किल्लत बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुकिंग के कई दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

वहीं, इस संबंध में एजेंसी संचालक बाबूलाल रौनियर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस मामले में आपूर्ति विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि कई दिनों बाद गैस सिलेंडर की गाड़ी पहुंची है, जबकि बुकिंग की संख्या अधिक और सिलेंडरों की उपलब्धता कम है। इसी वजह से एजेंसी पर भीड़ की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वितरण कार्य पुलिस की निगरानी में कराया जा रहा है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page