गाजीपुर
जमानिया में निकली भव्य शिव बारात झांकी, डीजे-ढोल नगाड़ों संग गूंजा इलाका
जमानिया (गाजीपुर) जयदेश। जमानिया रेलवे स्टेशन परिसर स्थित शिव मंदिर से रविवार की शाम भव्य शिव बारात झांकी निकाली गई। शिवभक्तों के जयकारों, डीजे और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भगवान शिव–पार्वती की सजीव झांकियां नगर भ्रमण पर निकलीं। बारात में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की भारी भागीदारी रही।

रथ पर सवार भगवान शिव और माता पार्वती की मनमोहक झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ नाचते-गाते शोभायात्रा में हिस्सा लिया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शिव बारातियों का स्वागत किया और जलपान की व्यवस्था की। बरूईन मोड़ पर शिव बारातियों के लिए विशेष जलपान की व्यवस्था की गई, जहां कुछ देर विश्राम के बाद शोभायात्रा पुनः आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में शिवभक्ति का माहौल बना रहा और “बोल बम” तथा “हर हर महादेव” के जयघोष से क्षेत्र गूंजता रहा।
भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए स्टेशन चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

मंदिर के पुजारी विजय नारायण गिरी उर्फ लाली बाबा ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हर वर्ष शिव बारात झांकी निकाली जाती है। शिव बारात रेलवे स्टेशन परिसर से प्रारंभ होकर बरूईन मोड़, गाँधी चौक,सब्जी मंडी, रोडवेज बस स्टैंड, बरेसर नहर संतोषी माता मंदिर होते हुए वापस शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न होता है। जिसमें नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सनातन परंपराओं को जीवंत रखना और युवाओं में धार्मिक चेतना का संचार करना है।
