चन्दौली
छेड़खानी की कोशिश नाकाम, महिला ने खींची बोलेरो की स्टेयरिंग, नाले में पलटी गाड़ी
साहस की मिसाल बनी महिला
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रेलवे पुलिस चौकी अंतर्गत शास्त्री कॉलोनी के रनिंग रूम के पास बीती रात लगभग 10 बजे, एक बोलेरो चालक द्वारा महिला और उसके छोटे बच्चे को वाहन में बैठाकर चेहनिया की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक ने महिला के साथ छेड़खानी करने की कोशिश की।
महिला ने दिखाई बहादुरी
महिला ने स्थिति को समझते हुए साहस दिखाया और चालक की हरकतों का विरोध करते हुए बोलेरो की स्टेयरिंग को अपनी ओर खींच लिया। इस वजह से वाहन अनियंत्रित होकर नाले में जा पलटा। घटना में कोई चोटिल नहीं हुआ, लेकिन महिला की इस सूझबूझ और हिम्मत ने बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बोलेरो में फंसे महिला, बच्चे और चालक को बाहर निकाला। साथ ही पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को हिरासत में ले लिया।
महिला ने मुकदमा दर्ज कराने से किया इनकार
महिला को पुलिस थाने लाया गया, जहां उन्हें भोजन उपलब्ध कराया गया और महिला कांस्टेबल की निगरानी में रातभर रखा गया। महिला ने कोतवाल को अपनी आपबीती सुनाई, लेकिन मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर चालक के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, महिला द्वारा शिकायत दर्ज न कराने के कारण मामला थोड़ा जटिल हो गया है। चालक को पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने महिला की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
साहस की मिसाल बनी महिला
इस घटना ने यह दिखा दिया है कि अगर महिलाएं अपनी हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दें, तो वे किसी भी विपरीत परिस्थिति से लड़ सकती हैं। स्थानीय लोग भी महिला की इस बहादुरी की प्रशंसा कर रहे हैं। इस घटना ने समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों के प्रति एक गंभीर संदेश दिया है कि यदि हर महिला ऐसे ही बहादुरी से आगे आए, तो अपराधियों का मनोबल टूट जाएगा।
