गाजीपुर
छात्राओं को एनीमिया और महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर किया गया जागरूक
गाजीपुर। महिला कल्याण विभाग लखनऊ उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में संकल्प, हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत 2 सितम्बर से 12 सितम्बर 2025 तक 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को लूदर्स कॉन्वेंट इंटर कॉलेज तुलसी सागर में महिला एवं किशोरी स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार संबंधी जानकारी देना रहा। जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नेहा राय ने एनीमिया को ‘‘साइलेंट किलर‘‘ बताते हुए कहा कि यह रोग आयरन की कमी से होता है और बच्चों, किशोरियों तथा गर्भवती महिलाओं में अधिक पाया जाता है। उन्होंने संतुलित आहार, हरी पत्तेदार सब्जियां, अंकुरित अनाज, गुड़, दालें और आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन पर जोर दिया। साथ ही आयरन फोलिक एसिड की गोलियां नियमित रूप से लेने और समय-समय पर हीमोग्लोबिन की जांच कराने की सलाह दी।
इस अवसर पर छात्राओं को महिला सशक्तिकरण से जुड़े सरकारी टोल फ्री नंबर 1090, 1098, 181, 112, 102 और 108 की जानकारी दी गई। जेंडर स्पेशलिस्ट लक्ष्मी मौर्य ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष, बाल कल्याण समिति, दत्तकग्रहण इकाई योजना, निराश्रित महिला पेंशन और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना ‘‘सामान्य‘‘ के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्या, स्टाफ और छात्राएं उपस्थित रहीं।
