वाराणसी
चौथे दिन अजय राय, लारी समेत चार प्रत्याशियों के पर्चे दाखिल
अब तक कुल 8 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
शनिवार एवं रविवार को लोक अवकाश होने के कारण नामांकन की कार्यवाही नहीं की जायेगी
वाराणसी। शुक्रवार को नामांकन के चौथे दिन इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय और बसपा के अतहर जमाल लारी समेत 4 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कई ऐसे प्रत्याशी भी आए जो कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों के आकर्षण का केंद्र बनें हुए थे। कोई प्रत्याशी घोड़े पर सवार होकर नामांकन करने आया तो कोई प्रत्याशी परिसर के बाहर रोटी प्याज खाकर मीडिया वालों की लाइमलाइट बटोरी। इसके अलावा मध्य प्रदेश के दतिया जिले से एक प्रत्याशी हजारों चिल्लर लेकर नामांकन करने पहुंचे थे।

बता दें कि, चौथे दिन अजय राय (इंडियन नेशनल कांग्रेस), अतहर जमाल लारी (बसपा) संजय कुमार तिवारी (निर्दलीय) और अवचित शामराव सयाम (जनसेवा गोडवाना पार्टी) ने नामांकन दाखिल किया। इस प्रकार अब तक कुल 8 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है।
इसके अलावा शुक्रवार को परवेज कादिर खान- पीस पार्टी, सुरेश पाल-राष्ट्रीय उदय पार्टी, डॉ हेमंत कुमार यादव-भारतीय मानव पार्टी, लालजी राम- निर्दलीय तथा संतोष कुमार शर्मा-मौलिक अधिकार पार्टी सहित 05 लोगों ने नामांकन पत्र प्राप्त किया। जबकि 11 ट्रेजरी चालान भी लोगो ने प्राप्त किया है।
