मिर्ज़ापुर
चुनार में टीबी चैंपियनों को सौंपी गई जिम्मेदारी, टीबी मुक्त भारत अभियान को मिलेगी नई गति
चुनार (मिर्जापुर)। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार के सभागार कक्ष में टीबी पर विजय प्राप्त कर चुके लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्हें “टीबी चैंपियन” की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर क्षय रोग विभाग के जिला समन्वयक सतीश शंकर यादव ने उपस्थित टीबी विजेताओं को टीबी के लक्षणों, उपचार की प्रक्रिया और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शासन की ओर से मरीजों को निःशुल्क जांच, इलाज और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, साथ ही उपचार के दौरान 1000 रूपए प्रतिमाह की सहायता भी दी जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग नियमित दवा और संतुलित खान-पान के माध्यम से टीबी को मात दे चुके हैं, वे अब अपने अनुभव साझा कर रहे मरीजों का मार्गदर्शन करें और उनका उत्साह बढ़ाएं। इससे इलाजरत मरीज मानसिक रूप से मजबूत रहेंगे और समय पर दवा लेकर जल्द स्वस्थ हो सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में यादव ने सभी टीबी चैंपियनों से आग्रह किया कि वे जनहित में अपने अनुभव साझा कर जिले को टीबी मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
इस अवसर पर पीएचसी चुनार से सर्वेश कुमार सिंह, गीता देवी (बीसीपीएम), अखिलेश यादव, इफ्तिखार, राम किशोर त्रिपाठी, मनभावन आदि की उपस्थिति रही।
