Connect with us

अपराध

चलती ट्रेन में बनारस के युवक को मारी गोली, यात्रियों में भगदड़  

Published

on

Loading...
Loading...

हथियारबंद अपराधियों ने यात्रियों से की लूटपाट

दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर सदीसोपुर स्टेशन के पास शनिवार रात करीब एक बजे लोकमान्य तिलक मुंबई जनता एक्सप्रेस में हथियारबंद अपराधियों ने यात्रियों से लूटपाट की। विरोध करने पर उत्तर प्रदेश के एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान वाराणसी के मण्डुआडीह थाना क्षेत्र के भूलनपुर गांव निवासी 40 वर्षीय कृष्ण मोहन उपाध्याय के रूप में हुई है जो पटना में एक कंपनी में काम करते हैं।

कृष्ण मोहन के चचेरे भाई ओमप्रकाश उपाध्याय के अनुसार, दोनों पटना में जमीन सर्वे का काम करते हैं और शनिवार की रात लोकमान्य तिलक मुंबई जनता एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13201) से पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन (मुगलसराय) जा रहे थे। उनकी बर्थ एस-2 बोगी में 41 और 44 नंबर पर थी। जैसे ही ट्रेन दानापुर से खुली बोगी की लाइट बंद हो गई।

रात करीब एक बजे जब ट्रेन सदीसोपुर स्टेशन पहुंची तब चार-पांच अपराधी बोगी में घुस आए और यात्रियों से बैग छीनने लगे। जब कृष्ण मोहन और उनके भाई ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने कृष्ण मोहन को दो गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अपराधी ट्रेन से उतरकर फरार हो गए और दहशत फैलाने के लिए एक राउंड फायरिंग भी की।

घटना के बाद पीड़ित ने 139 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। जब ट्रेन आरा स्टेशन पहुंची तो जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजन उन्हें बनारस ले गए। घायल युवक के दाहिने हाथ और दायें सीने के पास गोली लगी है। लूटपाट और गोलीबारी के दौरान बोगी में यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page