चन्दौली
चकिया पुलिस ने 50 लाख की अवैध शराब के साथ एक तस्कर को दबोचा
चंदौली। शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में चकिया पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 50 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब से लदा एक ट्रक जब्त किया और एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक अवैध शराब लेकर टेंगरा मोड़ से हाईवे छोड़कर शिकारगंज के रास्ते रॉबर्ट्सगंज होते हुए बिहार की ओर जा रहा है। चकिया थाना प्रभारी अतुल कुमार और स्वाट/सर्विलांस टीम ने शिकारगंज के राजा साहब के पोखरे के पास ट्रक (नंबर HR47C1978) को घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक से 620 पेटी (कुल 5518.8 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त मोहन श्याम (45), निवासी मथुरा, ने पूछताछ में बताया कि वह और ट्रक मालिक रविंदर सिंह (हरियाणा निवासी) फर्जी बिल्टी तैयार करते थे, जिसमें ट्रक को मुर्गी दाना ले जाने की बात दर्शाई जाती थी। रास्ते में अगर कोई कागजात मांगता, तो मुर्गी दाना बताकर जांच से बच जाते।
अभियुक्त ने यह भी खुलासा किया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वे पंजाब से सस्ती शराब खरीदकर हरियाणा, दिल्ली, वाराणसी, मिर्जापुर, और झारखंड के रास्ते बिहार पहुंचाते थे। बिहार में शराब की अधिक कीमत पर बिक्री से भारी मुनाफा होता था।
अभियुक्त ने बताया कि मिर्जापुर के नारायणपुर में हाईवे पर सघन चेकिंग के कारण उन्होंने टेंगरा मोड़ से रास्ता बदलकर चकिया-अहरौरा मार्ग से बिहार जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका यह प्रयास नाकाम हो गया।
चकिया थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है और अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
