गोरखपुर
घटिया सड़क निर्माण पर भड़का जनआक्रोश, गुणवत्ता पर उठे सवाल
निर्माण में अनियमितता पर जैनेंद्र शुक्ला की दो टूक चेतावनी
गोरखपुर। जनपद के हरपुर बुदहट थाना परिसर के ठीक बगल में साधन सहकारी समिति और पशु अस्पताल को जोड़ने वाले मार्ग पर चल रहे सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। एमएलसी कोटे से समाज कल्याण विभाग द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर शुरुआत से ही सवाल उठने लगे हैं, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल बन गया है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क की नींव में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। नियमों के अनुसार जहां मजबूत बोल्डर बिछाए जाने चाहिए, वहां राबिशयुक्त ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। इस लापरवाही को देखकर लोगों में गहरा रोष फैल गया और उन्होंने खुले तौर पर निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य जैनेंद्र शुक्ला मौके पर पहुंचे और ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि निर्माण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो कार्य को तत्काल रुकवाया जाएगा। साथ ही जनआंदोलन और उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना मानक और गुणवत्ता के सड़क किसी भी स्थिति में नहीं बनने दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को भी चेताया कि यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हरपुर बुदहट क्षेत्र के नागरिक अब पूरी तरह सजग हो चुके हैं और निर्माण कार्य पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

अरविंद शुक्ला ने कहा कि जनता के पैसे से घटिया काम हुआ तो उसका जवाब सड़क पर मिलेगा। अवधू शुक्ला ने स्पष्ट किया कि मानकों से समझौता हुआ तो काम बंद कराया जाएगा। भगवान दास ने कहा कि ईंट और राबिश नहीं, बल्कि नियम के अनुसार बोल्डर ही लगाया जाना चाहिए। खामोश ने कहा कि अब चुप्पी टूटेगी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कमल शुक्ला ने चेतावनी दी कि जांच नहीं हुई तो आंदोलन तय है। विजय वर्मा ने कहा कि ठेकेदार की मनमानी अब नहीं चलेगी। रुदल प्रसाद ने मांग की कि सड़क मजबूत बने, यही जनता की अपेक्षा है। वहीं कैलाश गुप्ता ने कहा कि गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में सुधार नहीं हुआ तो वे मजबूर होकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में मानक के अनुरूप और टिकाऊ सड़क का निर्माण सुनिश्चित हो सके।
