Connect with us

वाराणसी

ग्रेजुएशन छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र में एक ग्रेजुएशन छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अटल नगर कॉलोनी स्थित किराए के मकान में छात्र का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान गाजीपुर निवासी 20 वर्षीय विशाल यादव के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, विशाल अपनी बड़ी बहन सरिता और मौसेरी बहन आकृति यादव के साथ सारनाथ क्षेत्र के उक्त मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। आकृति यादव ने बताया कि उनके मौसा रमेश यादव दुबई में रहते हैं और विशाल गाजीपुर से ग्रेजुएशन कर रहा था।

घटना के दिन सुबह आकृति मंदिर दर्शन के लिए गई थीं, जबकि सरिता कोचिंग चली गई थीं। गत दोपहर करीब 12:30 बजे जब आकृति वापस लौटीं तो विशाल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार दरवाजा खटखटाने और मोबाइल पर कॉल करने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

अनहोनी की आशंका होने पर आकृति ने खिड़की से झांककर देखा तो विशाल गले में स्टॉल का फंदा लगाए बेड से लटका हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर वह चीख उठीं। शोर सुनकर मकान मालिक और अन्य किराएदार मौके पर पहुंच गए। लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर डायल 112 के साथ सारनाथ पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तत्पश्चात  अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के लिए शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

Advertisement

थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। मृतक का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page