गोरखपुर
गोला में शांति समिति की बैठक, त्योहारों को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में
भाईचारे के संदेश के साथ होली-रमजान मनाने की अपील, संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर
गोला (गोरखपुर)। होली पर्व व रमजान के दृष्टिगत उपजिलाधिकारी अमित जायसवाल एसपी साउथ सीईओ गोला व थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बुधवार को पुलिस प्रशासन गणमान्य नागरिक, एवं व्यापार मंडल तथा प्रधान एवं प्रधान प्रतिनिधियों के साथ शांति समिति की बैठक थाना के प्रांगण में आयोजित किया गया। परम्परागत तरीके से त्यौहार मनाए जाएं, कोई नई परंपरा नहीं दी जाएगी।
बैठक के दौरान एसपी साउथ ने कहा कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, एवं सौहार्द व सामाजिक समरसता का प्रतीक है। पूर्व की भांति इस वर्ष भी होली व रमजान के त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पुलिस एवं प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहार के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों की निगरानी कराई जाएगी।
अधिकारियो ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, नशे की हालत में वाहन चलाने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। बैठक के अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
