Connect with us

गाजीपुर

गोआश्रय स्थलों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

Published

on

गाजीपुर। गाजीपुर में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में गोआश्रय स्थलों के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार (राइफल क्लब) में आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी द्वारा गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण हेतु चारागाह की भूमि पर हरे चारे की बुवाई की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान जनपद की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने रोष व्यक्त किया और जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को अभियान चलाकर आगामी एक सप्ताह के भीतर चारागाह की भूमि पर नेपियर घास लगाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को विकास खण्ड स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित कर गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा एवं चोकर आदि की व्यवस्था मानक के अनुरूप सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन गोआश्रय स्थलों पर हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साइलेंज की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

गोवंशों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को गोआश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गाजीपुर को विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों की सतत निगरानी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

Advertisement

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविन्द कुमार शाही, नोडल अधिकारी गोशाला डॉ. राकेश कुमार गौतम, जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के प्रतिनिधि, पशु चिकित्साधिकारी तथा गोआश्रय स्थलों के समस्त जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page