वायरल
गुरु नानक जयंती पर निकली भव्य शोभा यात्रा
देवरिया। जिले में मंगलवार को गुरु नानक देव जी की 556वीं जयंती पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा गुरुद्वारा परिसर से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, सिविल लाइन, रामलीला मैदान और सुभाष चौक सहित शहर की प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः गुरुद्वारे पहुंची। यात्रा में पंच प्यारों की अगुवाई में झांकियां और सिख समाज के बच्चे पारंपरिक पोशाकों में कीर्तन करते हुए दिखाई दिए।
नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता और सेवा का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। शोभा यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। गुरुद्वारे में दिनभर लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को दीवान सजाया गया और रागी जत्थों ने शब्द कीर्तन प्रस्तुत किया।
