Connect with us

गाजीपुर

गाजीपुर: धूमधाम से मनाया गया 29वां लटिया महोत्सव

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जमानियां)। लटिया गांव में रविवार को सम्राट अशोक क्लब के तत्वावधान में 29वां लटिया महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में कोरिया से आए पूज्य भन्ते पोम्नयूम सुनीलम ने लटिया लाट पर पंचशील दीप प्रज्वलित किया। समारोह के दौरान सम्राट अशोक, भगवान बुद्ध और जगदेव बाबू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह में आयोजित संगोष्ठी में मुख्य अतिथि ने भारतीय संविधान को देश की राष्ट्रीय पुस्तक बताया और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संविधान ही भारतीय नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकार प्रदान करता है। इस दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सच्चिदानंद मौर्य ने कहा कि संविधान लागू होने के बावजूद अभी तक पूर्ण रूप से क्रियान्वित नहीं हो पाया है, जिसके कारण देश में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक असमानता बनी हुई है।

समारोह में धनंजय मौर्य, संतोष कुशवाहा और अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि यह महोत्सव सम्राट अशोक क्लब के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का नतीजा है, जिन्होंने इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

कार्यक्रम के दौरान पंचशील ध्वज, सम्राट अशोक ध्वज और तिरंगे का ध्वजारोहण किया गया। भगवान बुद्ध के मंत्रों का उच्चारण कर उपस्थित लोगों को अनुशासन व धम्म के सिद्धांतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

महोत्सव के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी, तहसीलदार राम नारायण वर्मा, कोतवाल अशेष नाथ सिंह, शादियाबाद थाना प्रभारी श्यामजी यादव समेत कई पुलिसकर्मी तैनात रहे।

Advertisement

लटिया महोत्सव में दूर-दराज से आए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मेले के दौरान सड़क किनारे खिलौनों, चाट-पकौड़ी और अन्य खाद्य सामग्रियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही।

इस भव्य आयोजन में सम्राट अशोक क्लब के पदाधिकारी दीनानाथ मौर्य, डॉ. सच्चिदानंद मौर्य, धनंजय मौर्य, संतोष कुशवाहा, आकाश यादव, पालिका के पूर्व चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता, आरपी मौर्य, राजेश मौर्य, अरविंद मौर्य समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page