Connect with us

वाराणसी

गहनों की सफाई के बहाने ठगी करने वाले दो गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शिवपुर पुलिस ने गहनों को नया बनाने के बहाने महिलाओं से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शिवपुर पुलिस टीम ने तरना पुल के नीचे छापा मारकर साजन कुमार (26 वर्ष) और कवि रोशन कुमार (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके पास से चुराए गए गहने, ठगी में इस्तेमाल होने वाला सफेद पाउडर, लकड़ी का ब्रश, विजिटिंग कार्ड, और अन्य सामान बरामद किया गया।

Loading...

वादी की शिकायत के अनुसार, दो युवक खुद को “उजाला कंपनी” के प्रचारक बताकर घर में घुसे और गहनों को नया बनाने का झांसा देकर उनकी मां और पत्नी का मंगलसूत्र व चेन चुराकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी गहनों की सफाई के बहाने कई स्थानों पर ठगी कर चुके हैं। चुराए गए गहनों को बेचने की योजना के तहत वे वाराणसी से बाहर जाने की फिराक में थे। दोनों अभियुक्तों पर पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद परवेज, उपनिरीक्षक गौरव सिंह, कांस्टेबल आलोक शर्मा, कांस्टेबल अश्वनी आर्या और कांस्टेबल बालमुकुंद मौर्या शामिल थे। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और अजनबियों को घर में प्रवेश की अनुमति न देने की अपील की है। अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page