Connect with us

वाराणसी

गंगा में दो नावों की टक्कर, काल के गाल में समाने से बची पांच जिंदगियां

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। सोमवार दोपहर गंगा नदी में दो नावों की आमने-सामने टक्कर हो गई। भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी घाट के पास हुई इस दुर्घटना में एक छोटी नाव पूरी तरह डूब गई, जबकि उस पर सवार पांच श्रद्धालुओं को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हैदराबाद और पुणे से आए श्रद्धालु तुलसी घाट से नाव पर सवार होकर गंगा के उस पार स्नान के लिए जा रहे थे। नाव जैसे ही आगे बढ़ी, उसी दौरान असि घाट की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बड़ी नाव उससे टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छोटी नाव पर सवार सभी यात्री गंगा में गिर पड़े और नाव डूबने लगी।

घटना को देखकर घाट पर मौजूद एनडीआरएफ के जवान और आसपास के नाविक तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए गंगा में गिरे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर दूसरी नाव पर चढ़ाया। समय पर बचाव कार्य होने से किसी की जान नहीं गई।

चर्चा है कि छोटी नाव पर सवार किसी भी श्रद्धालु ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखा था। नाव पर मौजूद यात्रियों में दिलीप, दर्शना और देवयानी निवासी हैदराबाद, जबकि रोहित और दीपाली निवासी पुणे शामिल थे। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

घटना के बाद घाट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page