वायरल
गंगा एक्सप्रेसवे पर दिखेगी भारतीय वायुसेना की ताकत
सीएम योगी की मौजूदगी में राफेल और जगुआर की लैंडिंग
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर आज एक ऐतिहासिक लम्हा दर्ज होने जा रहा है। शाहजहांपुर में बनी 3.5 किमी लंबी एयर स्ट्रिप पर भारतीय वायुसेना के राफेल, मिराज-2000, जगुआर, मिग-29 और अन्य लड़ाकू विमान उतरेंगे। इस अभूतपूर्व आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मौजूद रहेंगे।
वायुसेना इस एयर पट्टी का उपयोग युद्ध या आपदा के दौरान वैकल्पिक रनवे के रूप में करेगी। खास बात यह है कि यह देश की पहली ऐसी हवाई पट्टी होगी, जहां लड़ाकू विमान दिन और रात दोनों समय उतर सकेंगे। आयोजन के दौरान एक हाई-टेक एयर शो भी होगा, जिसमें विमान पहले एक मीटर ऊंचाई पर उड़ान भरेंगे, फिर पट्टी पर लैंड कर टेकऑफ करेंगे।
हवाई पट्टी की सुरक्षा के लिए दोनों छोरों पर 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भारतीय वायुसेना ने इसे अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया है। सभी विमान बरेली एयरबेस से उड़ान भरेंगे। कार्यक्रम में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता राज्य मंत्री जेपीएस राठौर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी।
गंगा एक्सप्रेसवे यूपी का चौथा ऐसा एक्सप्रेसवे है, जहां एयर स्ट्रिप की सुविधा जोड़ी गई है। इससे पहले आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर भी हवाई पट्टियां विकसित की जा चुकी हैं।
