अपराध
खेत में मेड़ बांधने को लेकर हुआ विवाद, पति-पत्नी सहित बेटी को दबंगों ने पीटा
चंदौली। जनपद के तहसील नौगढ़ में चकरघट्टा थाना क्षेत्र के पिपराही गांव में बुधवार को खेत में मेंड़ बांधने के विवाद को लेकर मनबढों ने मां-बेटी को लाठी डंडों से पीट दिया, पिता ने गुहार लगाई तो उसे भी पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पति-पत्नी और उनकी बेटी को पीटने के बाद मनबढ घटनास्थल से तुरंत भाग निकले। घटना में घायल हुई मां, बेटी संतरा, साधना और कुबेर को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नौगढ़ में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, चकरघटृटा थाना क्षेत्र के पिपराही गांव में एक पक्ष के लोगों ने खेत में मेंड़ बांधने को लेकर आपस में विवाद करना शुरू किया तो दूसरे पक्ष के लोगों ने संतरा, साधना और कुबेर को लाठी-डंडों से पीट दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और आरोपियों को भागना पड़ा। ग्रामीणों की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक चंद्र कुमार ने उनका उपचार किया।
इस मामले में बुधवार को सुबह पीड़ित परिवार कुबेर ने आरोपी मंगरु, मल्लू, शांति और मूर्ति के खिलाफ चकरघट्टा थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच पड़ताल करके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
